2014 के चुनावों का वक्त जैसे जैसे नजदीक आता जा रहा है सभी राजनैतिक दलो की तैयारियां तेज होती जा रही हैं । पिछले तीन दशक से देश में जारी गठबंधन की राजनीति की अहमियत को समझते हुए बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने अपने अपने कुनबे मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है । लेकिन मौजूदा हालात में दोनों को ही अपने कुनबे को मजबूत करना आसान नहीं दिख रहा है । बीजेपी को जहां नये साथियों की तलाश में दिक्कतें आ रही हैं वहीं कांग्रेस के लिए यूपीए को एकजुट रखना चुनौती बन गया है । बात अगर कांग्रेस की करें तो बिहार में लालू यादव की आरजेडी और पासवान की एलजेपी के साथ उसका गठबंधन लगभग तय है और केवल औपचारिक घोषणा बाकी है । बुधवार को पासवान ने सोनिया गांधी से मुलाकात कर गठजोड की घोषणा जल्द करने की मांग की ।