महाराष्ट्र में अब विधानसभा चुनाव होने में एक महीने से भी कम का समय रह गया है। लेकिन चाहे कांग्रेस-एनसीपी हो या बीजेपी-शिव सेना की महायुति दोनों ही प्रमुख गठबंधनों में सीटों का बंटवारा तय नहीं हो पाया है। बीजेपी ने तो शिव सेना के 288 में से 119 सीटों के प्रस्ताव को ठुकरा भी दिया है और अब एक नया प्रस्ताव भेजने की तैयारी में है। एनसीपी भी इस बार ज़्यादा सीटों पर अपने प्रत्याशियों को लड़ाने की मांग पर कांग्रेस के जवाब का इंतज़ार कर रही है। दोनों विरोधी गठबंधनों के नेता यही कह रहे हैं कि उनकी साझेदारी बनी रहेगी और वो महाराष्ट्र में अगली सरकार बनाएंगे।